सोमवार, 19 सितंबर 2011

त्रिशब्‍द अटूट सम्‍बन्‍ध


त्रिशब्‍द अटूट सम्‍बन्‍ध

अनादि तत्त्‍व = ईश्‍वर, जीव और प्रकृति।
प्राकृतिक मूल गुण = सत्‍व, रजस् और तमस्।
जगत के कारण = निमित्त, उपादान और साधारण।
"ओ३म्" के अक्षर = अ, ऊ  और म्।
वैदिक महाव्‍याहृतियाँ = भूः, भुवः और स्‍वः।
ईश्‍वर के गुण = सर्वव्‍यापक, सर्वज्ञ और सर्वशक्तिमान।
ईश्‍वर के कर्म = सृष्टिकर्त्ता, ज्ञानप्रदाता और कर्मफलदाता।
ईश्‍वर के स्‍वभाव = सत्‍य, चेतन और आनन्‍दस्‍वरूप।
जीवात्‍मा के गुण = एकदेशी, अल्‍पज्ञ और अल्‍पसामर्थ्‍यवान। (मनुष्‍य जाति)   
जीवात्‍मा के कर्म = भोग, योग और मोक्षप्राप्ति का प्रयत्‍न। (मनुष्‍य जाति)     
जीवात्‍मा के स्‍वभाव = सत्‍य, चेतन और कर्मशील। (मनुष्‍य जाति)    
प्रभु मिलन के साधन = ज्ञान, कर्म और उपासना।
जीवन के परम-सत्‍य = जन्‍म, जीवन और मृत्‍यु।
साधना के साधन = ज्ञान, भक्ति और वैराग्‍य।
सफलता के शत्रु = स्‍वार्थ, आलस्‍य और अहंकार।
कर्म के साधन = मन, वचन और कर्म।
कर्म के भेद = शुभ, मिश्रित और अशुभ।
कर्म के रूप = अकाम, सकाम और निष्‍काम।
कर्मफल की प्राप्ति = जाति, आयु और भोग।
कर्मफल के प्रकार = फल, प्रभाव और परिणाम।
त्रिविध दुःख = आध्‍यात्मिक, आधिभौतिक और आधिदैविक।
वस्‍तु के रूप = स्‍थूल, सूक्ष्‍म और सूक्ष्‍मतम।
तीन शरीर = स्‍थूल, सूक्ष्‍म और कारण।
तीन अवस्‍थाएँ = जागृत, स्‍वप्‍न, सुषुप्ति।
काल की स्थिति = भूत, वर्तमान और भविष्‍य।
जीवन की स्थितियाँ = बचपन, यौवन और बुढापा।
लोक परिस्थियाँ = स्‍वर्ग, नरक और वैराग्‍य।
लड़ाई-झगड़े के कारण = धन, स्‍त्री और भूमि।
वाद-विवाद के कारण = अज्ञानता, अहंकार और निर्बलता। 
तीन लिंग = स्‍त्रीलिंग, पुर्लिंग और नपुंसकलिंग।
मानव व्‍यवहार = आत्‍मवत्, सदाचार और मधुर=भाषण।
मानव कर्तव्‍य = सेवा, सत्‍संग और स्‍वाध्‍याय।
आर्य की परिभाषा = धर्माचारी, सेवाधारी और निर्हंकारी।
मनुष्‍य की पहचान = संस्‍कार, संस्‍कृति और मानवता।
आर्य की पहचान = धर्म, कर्म और आचरण।
मित्र की पहचान = आत्‍मवत् व्‍यवहारी, विघ्‍न निवारक और निःस्‍वार्थी।
शत्रु की पहचान = अत्‍यन्‍त मधुरभाषी, अवसरवादी और अत्‍यन्‍त स्‍वार्थी। 
गुरु की पहचान = मार्गदर्शक, धार्मिक और निःस्‍वार्थी।
संन्‍यासी की पहचान = प्राणायाम, प्रवचन और परोपकार।
धार्मिक की पहचान = धर्मनिष्‍ट, परोपकारी और सर्वहितैषी।  
मनुष्‍य का गुरु = ईश्‍वर, वेद और धर्मनिष्‍ठ माता=पिता=आचार्य।
स्‍वस्‍थ जीवन रहस्‍य = शुद्धाहार, शुद्धविहार और शुद्धव्‍यवहार।
घर का अर्थ = माता, पिता और संतान।
परिवार की परिभाषा = माता=पिता, पुत्र=पुत्रवधु और संस्‍कारी संतानें।
मूर्तिमान देवता = पितर (जीवित माता, पिता), गुरु (शिक्षक, आचार्य एवं आध्‍यात्मिक मार्गदर्शक तथा पति के लिये धर्मपत्‍नी एवं पत्‍नी के लिये पति) और अतिथिगण।
यज्ञ की परिभाषा = देव-पूजा, संगति-करण और दान।
यज्ञ की भावना = त्‍याग, परोपकार, और सेवा।
यज्ञ की सार्थकता = शुद्धता, समर्पण और वैदिक-विधि।
स्‍वाध्‍याय सामग्री = वेद, आप्‍त-पुरुष व्‍यवहार और स्‍व-अध्‍याय।
स्‍वाध्‍याय प्रक्रिया = पठन-पाठन, श्रवण-प्रवचन और सदाचरण।
सत्‍संग के पात्र = सदाचारी, धर्माचारी और धार्मिक विद्वान।
जप की विधि = नाम-स्‍मरण, अर्थ-चिन्‍तन और आचरण।
धर्म की विधि = सत्‍य, अहिन्‍सा और प्रेम।
श्राद्ध की विधि = सत्‍याचरण, पितर-सम्‍मान और समर्पण।
प्रेम की विधि = त्‍याग, समर्पण और निरभिमानता।
पूजा की विधि = सदुपयोग, मन-वचन-कर्म से सेवा और आज्ञा-पालन।
ध्‍यान की विधि = मौनावस्‍था, अर्थसहित प्रभु-नाम स्‍मरण और निरन्‍तराभ्‍यास।
समाधि की विधि = निर्विषयं मनः, निर्विषयं मनः और निर्विषयं मनः।
योग की उपलब्धि = प्रेम, समानता और आनन्‍द।
मदन जी रहेजा 

रविवार, 4 सितंबर 2011

ऐश्वर्य में रमने वाला मन

आचार्य सत्यजित जी आर्य
प्रभु-कृपा से हमें मन नामक एक अन्त:करण मिला है। प्रभु ने इस मन को ऐश्वर्यप्रिय बनाया है। इसलिए हर व्यक्ति ऐश्वर्य को पाना चाहता है। हर व्यक्ति ऐश्वर्य को देखकर या प्राप्तकर प्रसन्न होता है। ऐश्वर्य रहित स्थिति में प्रसन्नता नहीं रहती, ऐश्वर्य के कम होने पर प्रसन्नता कम हो जाती है। प्रभु ने सकल ऐश्वर्य प्रदान किये हैं। उसने ऐश्वर्यों को चाहने वाले ‘मन’ को भी दिया है।
संसार में अनेकविध ऐश्वर्य हैं। धन-सम्पत्ति, सुन्दर-शरीर, मधुर-वाणी, रंग-रूप, तीक्ष्ण व स्वच्छ बुद्धि, ज्ञान, वृक्ष-वनस्पति, नदी-पर्वत, पशु-पक्षी आदि बहुविध ऐश्वर्य संसार में बहुतायत से बिखरा पड़ा है। व्यक्ति इनकी ओर बार-बार आकर्षित होता रहता है। एक ऐश्वर्य से मन भर गया है तो दूसरे ऐश्वर्य को पाने में लग जाता है। थोड़ा ऐश्वर्य प्राप्त करने के बाद जब उससे भी मन भर जाता है तो व्यक्ति अधिक ऐश्वर्य की प्राप्ति में लग पड़ता है।
ऐश्वर्य की इच्छा को, अधिकाधिक ऐश्वर्य की इच्छा को आध्यात्मिक-क्षेत्रा में हीन दृष्टि से देखा जाता है। वस्तुत: ऐश्वर्य की चाह तो सब में होती है, भौतिकवादी सांसारिक व्यक्ति में भी और आध्यात्मिक व्यक्ति में भी। ऐश्वर्य की कामना प्रगति के लिए आवश्यक है, प्रगति चाहे भौतिक हो या आध्यात्मिक। भौतिक ऐश्वर्य प्राप्त करके, उसका अनुभव लेकर व्यक्ति उससे जब वितृष्ण हो जाता है, भौतिक ऐश्वर्य की चाह-ललक से ऊपर उठ जाता है, तो इसे ही ‘वैराग्य’ कहते हैं। किन्तु इस वैराग्य का कारण भी ऐश्वर्य की कामना ही है। जिस भौतिक बाह्य ऐश्वर्य को चाहा था वह पुरुषार्थ कर पा भी लिया था, उससे पूर्ण तृप्ति को पाना असंभव ज्ञात होने पर व्यक्ति आध्यात्मिक- आन्तरिक ऐश्वर्य को पाना चाहता है। आध्यात्मिक आन्तरिक ऐश्वर्य अधिक प्रसन्नता देता है, अधिक देर तक रहता है। आध्यात्मिक ऐश्वर्य की प्रसन्नता की विशेषता यह होती है कि वह प्रसन्नता व्यग्रता से रहित, बहुत शांत-गंभीर होती है।
भौतिक बाह्य-ऐश्वर्य इसलिए हीन व हेय है क्योंकि आध्यात्मिक-आन्तरिक ऐश्वर्य उससे बड़ा व अधिक होने से श्रेष्ठ व उपादेय होता है। आध्यात्मिक व्यक्ति का मन भी ऐश्वर्य-प्रिय होता है। प्रारंभिक आध्यात्मिक व्यक्ति को पर्वत, वन, नदियां, झरने, घाटियां, पर्वतशिखर आदि प्राकृतिक ऐश्वर्य बहुत आकर्षित करते हैं। इन्हें पाकर वह प्रसन्न होता है व अधिक एकाग्र होकर आध्यात्मिक आन्तरिक एकाग्रता-सुख-शान्ति -सन्तोष को और अधिक ऊँचे स्तर पर पाता रहता है।
इन सब ऐश्वर्यों का भी ऐश्वर्य एक और ऐश्वर्य है। वह है परमपिता परमात्मा का ऐश्वर्य। उच्च स्तर का साधक-योगाभ्यासी-योगी वही बन पाता है जिसे परमात्मा का ऐश्वर्य आकर्षित करने लगता है। उसे सांसारिक बाह्य ऐश्वर्य व आन्तरिक आध्यात्मिक एकाग्रता-शान्ति-संतोष आदि ऐश्वर्य भी फीके लगने लगते हैं। वह इन अन्य ऐश्वर्यों का आवश्यक उपयोग तो करता है, पर उसे वे अंतिम-ऐश्वर्य की तरह नहीं लगते हैं। ऐश्वर्य में रमने वाला मन परमात्मा के ऐश्वर्य में ऐसा रमता है कि उसके अन्य राग समाप्त हो जाते हैं, वह वैराग्य को प्राप्त हो जाता है। वेद (श्रव्य-काव्य) और प्रकृति (संसार, दृश्य-काव्य) में बुद्धिपूर्वक प्रवेश करने वाले को वहां ईश्वर के नित्य-नये ऐश्वर्य का बोध होता रहता है, वह ईश्वर में ही रम जाता है, ईश्वर के ऐश्वर्य में ही रमा रहता है। उसे भौतिक प्राकृतिक ऐश्वर्य लुभा नहीं पाते, वह इनसे विरत हो जाता है।
प्रभु-कृपा से मिले ऐश्वर्य-प्रिय मन की पूर्ण सफलता यही है कि वह चरम-ऐश्वर्य को चाहने लगे। यदि व्यक्ति अपने मन की ऐश्वर्य-प्रियता का समझदारी से उपयोग करे, तो ईश्वर-साक्षात्कार तक पहुँच सकता, अपने जीवन को चरितार्थ कर सकता है, कृतकृत्य हो सकता है। अपने मन को परमात्मा के ऐश्वर्य की ओर मोड़ देने पर सभी आध्यात्मिक उपलब्धियां सहज मिलती जाती हैं। प्रभु-कृपा से प्राप्त ऐश्वर्य-प्रिय मन का यही सर्वोत्कृष्ट उपयोग है।

मंगलवार, 23 अगस्त 2011

ऐश्वर्य - जिसे पाने के लिए यह जन्म मिला



ऋषितुल्य आचार्य सत्यजित जी का लेख  

आध्यात्मिक चिन्तन के क्षण...........
ऐश्वर्य-जिसे पाने के लिए यह जन्म मिला

 प्रभु कृपा से मिले इस जन्म को पाकर हम अनेक सुख व सुख के साधनों को उपलब्ध हो सकते हैं। हमारे पुरुषार्थ की न्यूनाधिकता इसमें न्यूनाधिकता का कारण बनती है, अन्यों का सहयोग व विरोध भी कारण बनता है। पुरुषार्थ की न्यूनाधिकता का मुख्य कारण हमारी इच्छा की न्यूनाधिकता का होना है। किसी विषय में इच्छा की न्यूनाधिकता का होना उस विषय से होने वाले हानि-लाभ सम्बन्धी हमारे ज्ञान पर निर्भर करता है। जिस साधन अर्थात~ ऐश्वर्य के बारे में हमारा ज्ञान यह हो कि यह अधिक लाभकर है, हम उसे पाने की इच्छा कर ही लेते हैं व पुरुषार्थ भी उसे पाने का करने लग जाते हैं। पुरुषार्थ के अनुरूप उस ऐश्वर्य को न्यूनाधिक पा भी लेते हैं।
 कुछ ऐश्वर्य ऐसे हैं जिन्हें हम अल्प मात्रा में ही उपलब्ध कर पाते हैं। उन ऐश्वर्यों को अधिक मात्रा में पाना हमारे सामथ्र्य से बाहर होता है, यथा धन, सम्पत्ति, ज्ञान, बल आदि। कुछ ऐश्वर्य सर्वोच्चता पर निर्भर करते हैं - सबसे बड़ा ज्ञानी, धनी, बली आदि। इसे तो सब प्राप्त ही नहीं कर सकते। ऐसी सर्वोच्चता को तो एक समय में एक ही व्यक्ति प्राप्त कर सकता है। कितना भी यत्न करें सब ऐसे सर्वाच्च शिखर पर नहीं पहुँच सकते। ये सब बाह्य ऐश्वर्य हैं।
 इन अनेक ऐश्वर्यों से भिन्न भी अनेक ऐश्वर्य हैं जो हम सब पा सकते हैं। प्रभु-कृपा से हम सब मनुष्यों में यह सामथ्र्य है कि उन आन्तरिक ऐश्वर्यों को न केवल पा सकते हैं बल्कि उन आन्तरिक ऐश्वर्यों के चरम तक भी पहुँच सकते हैं। वह ऐश्वर्य है आध्यात्मिक शान्ति-सन्तोष का, वह ऐश्वर्य है ईश्वर की निकटता का, वह ऐश्वर्य है निर्भयता का, वह ऐश्वर्य है शोकरहितता का, वह ऐश्वर्य है ईश्वर के आनन्द का।
 बाह्य ऐश्वर्य कम हों या अधिक, दोनों ही स्थितियों में प्रभु ने हमारे में यह सामर्थ्य दी है कि हम आन्तरिक ऐश्वर्यों को पा सकते हैं। आन्तरिक ऐश्वर्यों की प्राप्ति सब कर सकते हैं। आन्तरिक ऐश्वर्य की न्यूनता का यहां प्रश्न नहीं रहता। बाह्य ऐश्वर्य तो सीमित होने से सब को इच्छानुसार पूरे-पूरे नहीं मिल सकते। हम सब एक साथ चक्रवर्ती सम्राट नहीं बन सकते, वह तो एक समय में एक ही व्यक्ति बन सकता है। आन्तरिक ऐश्वर्य के सम्राट हम सब बन सकते हैं। एक का आन्तरिक ऐश्वर्य दूसरे के आन्तरिक ऐश्वर्य में बाधक नहीं बनता, नहीं बन सकता। एक का बाह्य ऐश्वर्य दूसरे के बाह्य ऐश्वर्य में बाधक बन सकता है, बनता है।
  इन अनुपम अद्वितीय आन्तरिक ऐश्वर्यों की प्राप्ति के लिये आन्तरिक साधना ही मुख्य उपाय है। प्रभु-कृपा से हम आन्तरिक-साधना, मन की शुद्धि, मन की एकाग्रता, विवेक, वैराग्य आदि को प्राप्त करने का पुरुषार्थ आरंभ कर दें या जितना पुरुषार्थ कर रहे हैं उसे बढ़ा दें तो हमारे पुरुषार्थ के साथ ईश्वर की कृपा भी जुड़ जायेगी व दोनों के मिलने से तदनुरूप हमारे में आन्तरिक ऐश्वर्य की वृद्धि होने लग जायेगी। प्रभु हम पर कृपा करने को उद्यत हैं, हमें पुरुषार्थ हेतु उद्यत होना है, पुरुषार्थ करना है।

आचार्य सत्यजित~
ऋषि उद्यान, अजमेर

बुधवार, 29 जून 2011

महर्षि मन्तव्य

     
   मैं अपना मन्तव्य उसी को जानता हूँ  की जो तीन काल में एकसा सबके सामने मानने योग्य है. मेरा कोई नवीन कल्पना वा मतमतान्तर चलाने का लेशमात्र भी अभिप्राय नहीं है किन्तु जो सत्य है उसको मानना, मनवाना और जो असत्य है उसको छोड़ना और छुड़वाना मुझको अभीष्ट है. यदि मैं पक्षपात करता तो आर्यावर्त में प्रचलित मतों में से किसी एक मत का आग्रही होता किन्तु जो-जो आर्यावर्त वा इन देशों में अधर्मयुक्त चाल-चलन है उसका स्वीकार और जो धर्मयुक्त बातें हैं उनका त्याग नहीं करता, न करना चाहता हूँ क्योंकि ऐसा करना मनुष्य धर्म से बहिः है.
-महर्षि दयानन्द

यज्ञ का अनुष्ठान


01. जब उत्तम-उत्तम उपदेशक होते हैं तब अच्छे प्रकार धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष सिध्द होते हैं / और जब उत्तम उपदेशक और श्रोता नहीं रहते तब अंध परम्परा चलती है / फिर भी जब सत्पुरुष होकर सत्योपदेश होता है. तभी अंध परम्परा नष्ट होकर प्रकाश की परम्परा चलती है .

02. मनुष्य लोग अपनी विद्या और उत्तम क्रिया से जिस यज्ञ का सेवन करते हैं उससे पवित्रता का प्रकाश, पृथिवी का राज्य, वायुरूपी प्राण के तुल्य राजनीति, प्रताप, सब की रक्षा, इस लोक और परलोक में सुख की वृध्दि, परस्पर कोमलता से वर्तना ओए कुटिलता का त्याग इत्यादि श्रेष्ठ गुण उत्पन्न होते हैं इसलिए सब मनुष्यों को परोपकार तथा अपने सुख के लिए विद्या और पुरुषार्थ के साथ प्रीतिपूर्वक यज्ञ का अनुष्ठान नित्य करना चाहिए.
सत्यार्थ प्रकाश 

सोमवार, 27 जून 2011

सुखों कि खान

        सब लोगों को चाहिए की अच्छे-अच्छे कामों से प्रजा की रक्षा तथा उत्तम-उत्तम गुणों से पुत्रादि की शिक्षा सदैव करें कि जिससे प्रबल रोग विघ्न और चोरों का अभाव होकर प्रजा और पुत्रादि सब सुखों को प्राप्त हों यही श्रेष्ठ काम सब सुखों कि खान है /
         हे मनुष्य लोगो ! आओ अपने मिल के जिसने इस संसार में आश्चर्यरूप पदार्थ रचे हैं उस जगदीश्वर के लिए सदैव धन्यवाद देवें. वही परम कृपालु ईश्वर अपनी कृपा से उक्त कामों को करते हुए मनुष्यों कि सदैव रक्षा करता है.
महर्षि दयानंद सरस्वती