वेद-स्वाध्याय लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
वेद-स्वाध्याय लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, 7 मार्च 2013

३. कैसा धन प्राप्त करें ?


एन्द्र सानसिं रयिं सजित्वानं सदासहम्।
वर्षिष्ठमूतये भर।।
ऋग्वेद १.८.१.

अर्थ- हे (इन्द्र) परमेश्वर ! आप कृपा करके (सानसिम्) जिसका मिलकर उपभोग कर सकें ऐसे (सजित्वानम्) अपने समान लोगों में विजय दिलवाने वाले (सदा अहम्) दुष्ट शत्रु एवं हानि या दुःखों को सहन करने में समर्थ (वर्षिष्ठम्) वृद्धि करनेवाले (रयिम्) धन को (ऊतये) रक्षा के लिये (आ भर) अच्छी प्रकार दीजिए। 

कौटिल्य अर्थशास्त्र में कहा है-सुखस्य मूलं धर्मः सुख का मूल धर्म है और धर्मस्य मूलमर्थः धर्म का मूल धन है। जैसे ऊँचे पर्वतों से चारों दिशाओं में नदियाँ प्रवाहित होकर लोगों की प्यास बुझाती है वैसे ही ढेर सारे धन से सभी कार्य सिद्ध होते हैं।

यस्यास्ति वित्तं स नरः कुलीनः स पण्डितः स श्रुतवान् गुणज्ञः।
स एव वक्ता स च दर्शनीयः सर्वे गुणाः कांचनमाश्रयन्ति।।

जिसके पास धन है उसे ही कुलीन पण्डित, विद्वान् और गुणी मानते हैं। सभाओं में उसी के प्रवचन, भाषण होते हैं। लोग उसके दर्शन को लालायित रहते हैं। सभी गुण धन के आश्रित हैं।

गत मन्त्र (ऋ॰ १.१.६) में कहा है कि देनेवाले को परमात्मा और देता है। यहाँ पर कैसे धन की कामना करें समझाया है।

१. सानसिम्- हे परमेश्वर ! हमें ऐस धन दीजिए जिसका हम उपभोग कर सकें। हम उपभुक्त धनवाले होवें। केवल धन के ऊपर सांप की भाँति चौकड़ी मारकर न बैठ जायें। जिस धन से हमारा शरीर स्वस्थ और बलिष्ठ बना रहे ऐसा धन दीजिए। धन के लोभ में हम अपने स्वास्थ्य को ही दाव पर न लगा दें। हमने यह भी सुना है-धन गया तो कुछ भी नहीं गया, स्वास्थ्य गया तो कुछ गया, इसका भाव यही है कि स्वास्थ्य का मूल्य धन से अधिक है। अमेरिका का प्रसिद्ध उद्योगपति रॉकफेलर कहता था कि कोई मेरी आधी सम्पत्ति लेकर यदि मुझे स्वास्थ्य प्रदान करने को तैयार हो तो मैं समझूँगा कि यह घाटे का सौदा नहीं है। सानसिम् का यह भी अर्थ है कि हम धन का मिल-बाँट कर उपभोग करें। ‘केवलाघो भवति केवलादी’ अकेला खाने वाला पाप का ही भक्षण करता है।

२. धन की दूसरी कामना यह हानी चाहिये कि वह सजित्वानम् अर्थात् हमें विजय दिलवाने वाला हो। जिस धन को प्राप्त करने के लिये स्वास्थ्य की ओर ध्यान न दिया हो, उस धन का अपने लिये क्या उपयोग हो सकता है। रोगी व्यक्ति न अच्छा खा-पी सकता है और न ही अन्य आमोद-प्रमोद करता है। उसे ये सारे ताम-झाम नीरस लगते हैं। इसका दूसरा अर्थ यह है कि यह धन हमें अपने सजातीय अर्थात् समान क्षमता वालों में विजय दिलाने वाला हो। जिसको प्राप्त करने के पश्चात् उसके छीन लेने, चोरी हो जाने अथवा प्राणों का संकट उपस्थित हो जाये, वह धन किसी काम का नहीं। लोक में कहावत है-ऐसा सोना किस काम का जिसके आभूषण बना कानों में पहिनने पर चोर-उचक्के कानों को ही फाड़ कर आभूषणों को छीन लें। प्राप्त धन की सुरक्षार्थ सुदृढ़ भवन, पहरेदार या उसे शुभ कार्यों में लगा दिया जाये। नीतिकार कहते हैं-

दानं भोगो नाशस्तिस्रो गतयो भवन्ति वित्तस्य।
यो न ददाति न भुङ्क्ते तस्य तृतीया गतिर्भवति।।

दान, भोग, नाश ये धन की तीन गतियाँ होती हैं। जो न दान देता और न ही उसका उपभोग करता उसकी तीसरी गति अर्थात् विनाश होना निश्चित है।

३. सदासहम्- जिस धन को प्राप्त कर हमस ब आपत्ति एवं विघ्नों का निवारण कर सकें ऐसा धन दीजिए। जिससे अपने शत्रुओं का मान मर्दन किया जा सके, जो किसी भी परिस्थिति को सहन करने का सामर्थ्य प्रदान करे, उसी की कामना करनी चाहिये।

४. वर्षिष्ठम्-जहाँ केवल व्यय ही होता रहे, आय का स्रोत नहीं हो, वह धनराशि कितनी ही बड़ी क्यों न हो, देर-सवेर उसका स्रोत सूख जाता है। इसीलिये प्राप्त धन को ऐसे उद्योग-धन्धों में लगायें जिससे उसकी निरन्तर वृद्धि होती रहे।

५. इससे अगले मन्त्र में कहा है-

नि येन मुष्टिहत्यया नि वृत्रा रुणधामहै। त्वोतासो न्यर्वता।। ऋग्वेद १.८.२।।

हे प्रभो! धन प्राप्त कर हम शरीर का बल इतना बढ़ायें कि मुष्टि-प्रहार से ही दुष्ट जनों का मान-मर्दन कर सकें और (अर्वता) अश्वारोही सैनिकों की सेना सजाकर शत्रु बल को रोकने में सफल हों, ऐसे धन को हमें दीजिए।

इस मन्त्र के भावार्थ में महर्षि दयानन्द जी लिखते हैं-ईश्वर के सेवक मनुष्यों को उचित है कि अपने शरीर और बुद्धिबल को बहुत बढ़ावें जिससे श्रेष्ठों का पालन और दुष्टों का अपमान सदा होता रहे। जिससे शत्रु जन उनके मुष्टि-प्रहारों को न सह सकें, इधन-उधर छिपते भागते फिरें।



गुरुवार, 21 फ़रवरी 2013

२. प्रभु देनेवाले का कल्याण करते हैं

स्वामी देवव्रत जी प्रधान सेनापति सा.आ.वी.दल 

यदंग दाशुषे त्वमग्ने भद्रं करिष्यसि। तवेत्तत सत्यमङ्गिरः।।

ऋग्वेद १।१।६।।

अर्थ- हे (अंङ्गिरः) समस्त ब्रह्माण्ड के अंग-अंग में व्यापक और प्राणों के भी प्राण (अंग) सबके मित्र (अग्ने) परमेश्वर (त्वम्) आप (यत्) जिस हेतु से (दाशुषे) सर्वस्व दान एवं आत्म- समर्पण करनेवाले उपासक के लिये (भद्रम्) कल्याणकारी सुख, ऐश्वर्य (करिष्यसि) प्रदान करते हैं (तव इत् तत्) वह आपका (सत्यम्) सत्य, अटलव्रत नियम है।

हे प्रभो ! आपने ही तो कहा है- ईशा वास्यमिदं सर्वं......त्यक्तेन भुजिंथाः (यजुर्वेद ४॰.१) सभी धन परमात्मा का है, अतः त्यागपूर्वक उसका उपभोग करो। आगे बतलाया है-

अग्निाना रयिमश्नवत् पोषमेव दिवेदिवे। यशसं वीरवत्तमम्।। ऋ. १.¬१.३।।

परमेश्वर की उपासना और भौतिक अग्नि को विविध कला-यन्त्रों में प्रयोग कर सभी आध्यात्मिक एवं भौतिक ऐश्वर्यों की प्राप्ति करो, जो प्रतिदिन वृद्धि को प्राप्त होवें और तुम्हें यश एवं शूरवीरता को देनेवाल हों।

इसके अतिरिक्त-

स्तुता मया वरदा वेदमाता प्रचोदयान्तां पावमानी द्विजानाम्।
आयुः प्राणं प्रजां पशुं कीर्तिं द्रविणं ब्रह्मवर्चसं मह्यं दत्त्वा व्रजत ब्रह्मलोकम्।। 
अथर्ववेद १९.७१.१

हे मनुष्यों ! मैंने जो सभी अभीष्ट सुखों को प्राप्त कराने वाली इस वेदवाणी का उपदेश दिया है, उसके प्रचार-प्रसार के लिये अपनी सारी आयु, बल, प्रजा, पशु, कीर्ति, धन, आत्मिक शक्ति सभी को लगा दो अर्थात् इन सबको मुझे समर्पित कर ब्रह्मलोक की प्राप्ति करो।

अंग हे प्रियतम ! आपकी इस आज्ञा को शिरोधार्य कर हमने अपना सर्वस्व आपके अर्पण कर दिया है। आप तो सब ऐश्वर्यों के स्वामी हैं सो हमारी यह तुच्छ भेंट आपकी प्रजा अर्थात् प्राणिमात्र के उपकार के लिये ही स्वीकार कीजिए। यह धन, सम्पत्ति, भवनादि हमारे थे ही कब ? ये सब तो आप के ही हैं। हमने आपके आदेश को शिराधार्य कर पुरुषार्थ द्वारा इन्हें एकत्रित मात्र कर लिया है।

मेरा मुझ में कुछ नहीं जो कुछ है सब तोय।
तेरा तुझको सौंपता क्या लागे है मोय।।

त्वदीयं वस्तु गोविन्द तुभ्यमेव समर्पये। हे वेदवाणी के स्वामिन् ! यह सब ऐश्वर्य आपका ही है जिसे मैं आपकी प्रजा और जनहित के लिये समर्पित कर रहा हूँ। आप इसे स्वीकार कर मुझे अनुगृहीत कीजिए।

हे अग्ने ! सन्मार्ग प्रर्दशक भगवन् ! हमने सुना है कि जो तेरा उपासक तेरे दर्शन पाने के लिये अपना सर्वस्व लुटा देता है, उसे तुम मालामाल कर देते हो। यदंग दाशुषे त्वमग्ने भद्रं करिष्यसि देने वाले का तुम कल्याण करते हो, यह आपका अटल नियम है। जो तुम्हारी प्रजा के लिये भोजन, वस्त्र, अन्न, औषधालय, वापी, कूप, तड़ाग और विद्यालय खुलवाता है, उसे आप इस लोक और परलोक दोनों में सभी सुख साधनों को देते जाते हो। क्योंकि तुम्हें पता है कि अमुक व्यक्ति का धन परोपकारादि कार्यों में आपकी प्रजा के हितार्थ व्यय किया जा रहा है।

परन्तु यह तो प्रेयमार्ग है, जिसका फल परलोक में भोग लेने के पश्चात् इस लोक में फिर से जन्म लेना पड़ता है। यह तो सकाम कर्म या सौदागरी हुई प्रभा ! मुझे इस व्यवहार में रुचि नहीं है। अगले जन्म में कुछ अधिक साधन प्राप्त न कर आपके दर्शन लाभ करना है। योगदर्शन में महर्षि पतंजलि ने कहा है-अपरिग्रह स्थैर्येजन्मकथन्ता सम्बोधः (योदर्शनम् २.३९) अर्थात् अपरिग्रह की सिद्धि हो जाने पर पूर्व जन्मों का ज्ञान हो जाता है। हे भगवन् ! मुझे इतने जान लेने मात्र से ही सन्तोष नहीं है। मैं जिसके जान लेने पर अन्य वस्तु को जानने की इच्छा ही नहीं रहती, उस ज्ञान की आशा लगाये बैठा हूँ। जब सामान्य भौतिक पदार्थों का दान करनेवाले जन का आप कल्याण करते हो और यह आपका व्रत है तो मैंने-

अब सौंप दिया इस जीवन का सब भार तुम्हारे हाथों में।
है जीत तुम्हारे हाथों में और हार तुम्हारे हाथों में।।

मुझे आशा ही नहीं, पूर्ण विश्वास है कि तेरे दर पर झोली लेकर आये इस याचक को आप खाली हाथ नहीं लौटायेंगे और मेरी झोली को भर मेरी जन्म-जन्म की प्यास को मिटा देंगे।

हे प्रभो ! मैंने अपना सर्वस्व तुम्हारे अर्पण किया है। कुछ लौकिक सुख, सम्पत्ति, मान- सम्मान पाने के लिये नहीं। मुझे तो वह धन चाहिए जिसे पा लेने के पश्चात् और कुछ प्राप्त करने की इच्छा नहीं रहती। जिसके सामने संसार के सारे वैभव हेय लगते हैं।

मोती मिला है मुझको मानस के मानसर में।
कंकर बटोरने की क्यों कामना करूँ मैं।।

वेद-स्वाध्याय से साभार 
लेखक-स्वामी देवव्रत जी 
प्रधान सेनापति 
सा.आ.वी.दल 

सोमवार, 18 फ़रवरी 2013

१. मैं अग्नि की स्तुति करता हूँ


स्वामी देवव्रत जी
प्रधान संचालक
सार्वदेशिक आर्यवीर दल
 
ओ३म् अग्निमीळे पुरोहितं यज्ञस्य देवमृत्विम्।
होतारं रत्नधातमम्।।
 ऋ. १। १। १।।

मैं (पुरोहितम्) सृष्टि उत्पत्ति से पूर्व कारण रूप प्रकृति को धारण और (ऋत्विजम्) सृष्टि उत्पत्ति काल में परमाणुओं का संयोग कर सृष्टि की रचना करने (यज्ञस्य होतारम्) सृष्टि की उत्पत्ति के पश्चात् (रत्नधातमम्) विविध रत्नों से युक्त पृथिवी एवं अन्य लोकों के धारण करने वाले (देवम्) सब पदार्थों के प्रदाता, प्रकाशक (अग्निम्) सबके नेता, ज्ञानस्वरूप परमेश्वर की (ईडे) स्तुति करता हूँ।

छेदन, भेदन, धारण, आकर्षण गुण वाले (ऋत्विजम्) विविध यन्त्रों को गति देने वाले (देवम्) प्रकाशयुक्त (रत्नधातमम्) रमणीय पदार्थों को प्राप्त कराने वाले (अग्निम्) भौतिक अग्नि के (ईडे) गुणों को जान उसका सदुपयोग करता हूँ।

इस मन्त्र में अग्नि आध्यात्मि और भौतिक दोनों ही अर्थों में प्रयुक्त हुआ है। इसी भाँति राजा, सभाध्यक्ष, विद्वान् को भी अग्नि कहते हैं।

यहा अग्नि शब्द द्वारा ईश्वर का ग्रहण किया है।

पुरोहितम्-सृष्टि की उत्पत्ति से पहले भी वह परमेश्वर सबका अग्रणी था और उसमें सृष्टि की रचना करने का ज्ञान तथा सामर्थ्य भी था।

यज्ञस्य होतारम्-परमेश्वर स्वयं यज्ञ स्वरूप है जिसने अपने ज्ञान एवं सामर्थ्य से एक-एक परमाणु को मिलाकर इस संसार की अद्भुत रचना की है।

ऋत्विज् से अभिप्राय यह है कि ऋतु अर्थात् जब सृष्टि रचने का समय आता है तो वह प्रभु अपनी ईक्षण क्रिया से सृष्टि की उत्पत्ति करता है। जैसे एक के पश्चात् दूसरी ऋतु बदल कर आती रहती है वैसे ही अनादि काल से सृष्टि की उत्पत्ति और प्रलय का क्रम चल रहा है।

भोगापवर्गार्थं दृश्यम् (योगदर्शन २.१८) भोग और अपवर्ग मोक्ष के लिये सृष्टि रचना हुई है और इसमें रत्नधातमम् विविध रत्न, हीरे, मोती, स्वर्णादि बहुमूल्य पदार्थों का निर्माण किया है। हमारी सारी आवश्यकताओं की आपूर्ति इस भूमि माता से ही होती है।

इन दिव्य गुणों के प्रकाशक, मार्गदर्शक, ज्ञानस्वरूप अग्नि परमेश्वर की मैं स्तुति करता हूँ।

इस भौतिक अग्नि में भी दिव्य गुणों को उसी परमेश्वर ने भरा है जिन्हें जानकर हम अपना जीवन सुखी बना सकते हैं।

साभार-वेद-स्वाध्याय 
लेखक - स्वामी देवव्रत सरस्वती जी